88 Views
रिपोर्ट- आरिफ चौधरी
दिल्ली (अहमसत्ता) रामलीला मैदान में आज इंडिया गठबंधन ‘लोकतंत्र बचाओ’ रैली कर रहा है। लोकसभा चुनाव से पहले हो रही इस महारैली को विपक्ष शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है। यह महारैली दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की पृष्ठभूमि में आयोजित हो रही है। इस रैली में आम आदमी पार्टी, कांग्रेस, टीएमसी, एनसीपी, सपा समेत करीब 28 पार्टियों के वरिष्ठ नेता हिस्सा ले रहे हैं। केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी इस महारैली में हिस्सा ले रही हैं और मंच से अरविंद केजरीवाल का संदेश भी पढ़ेंगी। विपक्ष की इस महारैली में दिल्ली-झारखंड के मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी और कांग्रेस के बैंक खाते सीज किए जाने जैसे मुद्दों को उठाया जाएगा। दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा आयोजित ‘इंडिया’ गठबंधन की महारैली के मद्देनजर रामलीला मैदान के हर द्वार पर जांच की व्यवस्था के साथ ही आसपास के इलाके में अर्धसैनिक बलों की तैनाती की है।
ये नेता हुए महारैली में शामिल
इंडिया गठबंधन की महारैली में मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, शरद पवार, उद्धव ठाकरे, चंपई सोरेन, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, भगवंत मान, कल्पना सोरेन, अखिलेश यादव, महबूबा मुफ्ती, आदित्य ठाकरे और ममता बनर्जी के प्रतिनिधि ने हिस्सा लिया। साथ ही डीएमके के सांसद, फारूख अब्दुल्ला, सीताराम येचुरी सहित लेफ्ट पार्टियों के प्रमुख नेता भी रैली में पहुंचे। रामलीला मैदान में रैली में हजारों की तादाद में कार्यकर्ता भी पहुंचे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *