डासना नगर पंचायत में मानदेय भुगतान पर विवाद, 67 लाख ग्रांट के बावजूद बकाया का आरोप

Date: 2026-05-21
news-banner

गाजियाबाद जनपद की नगर पंचायत डासना एक बार फिर विवादों में आ गई है। इस बार मामला सभासदों के मानदेय भुगतान से जुड़ा हुआ है, जिसे लेकर असंतोष और नाराजगी सामने आई है.

 

वार्ड नंबर 15 के सभासद वसीम राजा ने अधिशासी अधिकारी को पत्र लिखकर गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्र में कहा गया है कि शासन द्वारा नगर पंचायत को लगभग 67 लाख रुपये से अधिक की ग्रांट प्राप्त होने के बावजूद सभासदों को निर्धारित मानदेय का भुगतान नहीं किया जा रहा है.

 

जानकारी के अनुसार शासन द्वारा प्रत्येक सभासद को 1000 रुपये मासिक मानदेय निर्धारित है, लेकिन लंबे समय से इसका भुगतान नहीं किया गया है। सभासदों का कहना है कि यह स्थिति प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती है और जनप्रतिनिधियों के अधिकारों की अनदेखी भी है.

 

वसीम राजा ने अपने पत्र में यह भी कहा है कि सरकार द्वारा निर्धारित इस मानदेय का रोका जाना न केवल गलत है बल्कि नैतिक और प्रशासनिक दृष्टि से भी उचित नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर भुगतान प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो सभी सभासद जिलाधिकारी गाजियाबाद और उच्च स्तर पर शिकायत दर्ज कराने को मजबूर होंगे.

 

इस मामले के सामने आने के बाद नगर पंचायत प्रशासन पर सवाल उठने लगे हैं और स्थानीय स्तर पर यह मुद्दा तेजी से चर्चा का विषय बन गया है। सभासदों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।

Leave Your Comments