उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। खुर्शीद आलम के नेतृत्व में करीब 600 नेताओं और कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया। इसके बाद सभी नेताओं ने ओम प्रकाश राजभर की पार्टी की सदस्यता ग्रहण की.
बताया जा रहा है कि लंबे समय से संगठन के भीतर उपेक्षा और नेतृत्व से नाराजगी के कारण कार्यकर्ताओं में असंतोष बढ़ रहा था। पार्टी छोड़ने वाले नेताओं का कहना है कि जमीनी कार्यकर्ताओं को पर्याप्त सम्मान नहीं मिल रहा था, जिसके चलते उन्होंने नया राजनीतिक विकल्प चुना.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 2027 विधानसभा चुनाव से पहले यह घटनाक्रम समाजवादी पार्टी के लिए चिंता का विषय बन सकता है। विपक्षी दल इसे सपा की कमजोर होती पकड़ और घटते जनाधार से जोड़कर देख रहे हैं।
सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम के दौरान खुशीरद आलम ने कहा कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है और आने वाले समय में नई राजनीतिक ताकतें उभरेंगी। वहीं राजभर ने दावा किया कि उनकी पार्टी लगातार मजबूत हो रही है और विभिन्न दलों के नेता उनसे जुड़ रहे हैं.
हालांकि, समाजवादी पार्टी की ओर से अभी तक इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन इस घटनाक्रम ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है.