सूरजपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लूटपाट करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जो टैक्सी ड्राइवरों और राहगीरों को निशाना बनाकर लूट की वारदातों को अंजाम देते थे.
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी राहगीरों को लिफ्ट देने के बहाने अपनी कार में बैठाते थे और सुनसान इलाके में ले जाकर उनसे मोबाइल फोन, नकदी और अन्य कीमती सामान लूट लेते थे। गिरोह टैक्सी ड्राइवरों को भी अपना शिकार बनाता था.

गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी और छिनैती के 20 मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त दो कारें, 4 हजार रुपये नकद, अवैध शस्त्र और अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हो सकते हैं, जिनकी जांच की जा रही है.
लगातार बढ़ रही शिकायतों के बाद पुलिस टीम इस गिरोह की तलाश में जुटी हुई थी। गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है.
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत महसूस की है और पुलिस की तत्परता की सराहना की है.