गाजियाबाद। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जनपद में 'हर घर तिरंगा' अभियान को भव्य और जनभागीदारी से परिपूर्ण बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। अभियान आगामी 9 से 17 अगस्त 2026 तक उत्साहपूर्वक चलाया जाएगा। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में अभियान की तैयारियों और कार्यक्रमों को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अभियान के दौरान जनपद के सभी आवासीय भवनों, दुकानों, प्रतिष्ठानों, सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज सम्मानपूर्वक फहराया जाए। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में तिरंगा रैलियां, देशभक्ति कंसर्ट, रंगोली और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सभी ग्राम पंचायतों, विकास खंडों, तहसीलों और जिला स्तरीय कार्यालयों में तिरंगा फहराने के साथ आकर्षक सजावट और प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने पर विशेष जोर देते हुए भारतीय ध्वज संहिता का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस गरिमापूर्ण ढंग से मनाने के निर्देश दिए गए। नागरिकों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों को तिरंगा फहराने के बाद 'हर घर तिरंगा' वेबसाइट पर सेल्फी अपलोड करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।