Ghaziabad DM: अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा सरकारी योजनाओं का लाभ, कांवड़ यात्रा के लिए हेल्पलाइन जारी

Date: 2026-08-08
news-banner

गाजियाबाद। जिलाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार माँदड़ ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता दर्शन के दौरान मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया जनजागरूकता के प्रभावी माध्यम हैं, जिनके सहयोग से जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुरूप जनपद में “गरीब का गृह प्रवेश”, “कब्जामुक्ति अभियान” और “मिशन समर्थ” सहित विभिन्न विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों का उद्देश्य जरूरतमंद, कमजोर, बेसहारा और वंचित वर्ग को सहायता देने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर, स्वावलंबी और सक्षम बनाना है।

उन्होंने कहा कि प्रशासन पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं और रोजगार के अवसरों से जोड़ने का कार्य लगातार किया जा रहा है। लाभार्थियों ने भी प्रशासन की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि जनता दर्शन के माध्यम से उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जा रहा है और समयबद्ध कार्रवाई हो रही है।

इस दौरान डीएम ने कांवड़ यात्रा को सफल बनाने के लिए जनपदवासियों और शिवभक्तों से सहयोग की अपील की। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न स्थानों पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं।

Leave Your Comments