गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुगम और ऐतिहासिक बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ लगातार कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं।
इसी क्रम में जिलाधिकारी ने नगर निकायों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश के कारण यदि कहीं जलभराव, सड़क क्षति या गड्ढे उत्पन्न हुए हैं तो उनका तत्काल निस्तारण कराया जाए। कांवड़ मार्गों पर किसी भी स्थिति में जलभराव या गड्ढे नहीं रहने चाहिए।
डीएम ने कांवड़ मार्गों, मंदिरों और मंदिर परिसरों में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत रखने के साथ प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आवश्यक सेवा को लेकर श्रद्धालुओं से शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।
प्रशासन ने आम नागरिकों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखने को कहा है। यातायात, स्वच्छता और जनसुविधाओं की व्यवस्था इस प्रकार संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं कि कांवड़ यात्रा के दौरान आम लोगों को भी परेशानी न हो।
जिला प्रशासन ने जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न स्थानों पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं।