गाजियाबाद। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे गाजियाबाद के छात्र-छात्राओं के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत JEE, NEET एवं एक दिवसीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इच्छुक अभ्यर्थी इसके लिए 20 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी संदीप चौधरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि शासन द्वारा मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना संचालित की जा रही है। योजना का विस्तार करते हुए इसके संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं गाइडलाइन भी जारी की गई हैं।
योजना के अंतर्गत ऐसे छात्र-छात्राएं जो JEE, NEET तथा एक दिवसीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहते हैं, वे जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय, गाजियाबाद में पंजीकरण कराकर निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं।
इच्छुक छात्र-छात्राएं विकास भवन, गाजियाबाद स्थित जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय के कक्ष संख्या 111 से आवेदन प्राप्त कर सकते हैं। योजना के तहत आवेदन की अंतिम तिथि 20 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है, जबकि कोचिंग का शुभारंभ 1 सितंबर 2026 से किया जाएगा।
प्रशिक्षण के लिए छात्र-छात्राओं का चयन प्रवेश परीक्षा अथवा साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। योजना से आर्थिक रूप से कमजोर एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन मिलने की उम्मीद है।