गाजियाबाद में किसानों के लिए बड़ा अपडेट: PACS पर 25 MT यूरिया और 15 MT DAP रखने के निर्देश, ड्रोन से मधुमक्खी पालन तक योजनाओं पर जोर

Date: 2026-08-08
news-banner

गाजियाबाद। किसानों को सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में कृषि एवं संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

उप कृषि निदेशक आशीष कुमार सिंह ने बताया कि जनपद में कृषि आच्छादन तथा बीज एवं मिनी किट वितरण के निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल की जा चुकी है। किसानों की जरूरत के अनुसार उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता भी बताई गई। CDO ने किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित उर्वरक इस्तेमाल के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए।

बैठक में मिलेट्स, आत्मा, दलहन, खेत तालाब, कीट एवं रोग प्रबंधन और एग्रीजंक्शन योजनाओं की समीक्षा की गई। लाभार्थियों का चयन, प्रशिक्षण और अन्य गतिविधियां समयसीमा में पूरी करने को कहा गया। आगामी सप्ताह FPO के साथ बैठक करने के निर्देश भी दिए गए।

सहकारिता विभाग को PACS समितियों पर हर समय न्यूनतम 25 मीट्रिक टन यूरिया और 15 मीट्रिक टन DAP उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। वहीं किसान ड्रोन, AIF, गन्ना भुगतान, ड्रिप-स्प्रिंकलर सिंचाई, मधुमक्खी पालन और पशुपालन योजनाओं पर भी विशेष जोर दिया गया।

Leave Your Comments