गाजियाबाद/साहिबाबाद। विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर “समाधान अभियान” एवं “इंडिया पेस्टिसाइड्स लिमिटेड” के संयुक्त तत्वावधान में “चुप्पी तोड़, हल्ला बोल” अभियान के तहत बाल मित्र केंद्र, कोतवाली साहिबाबाद में सेवा बस्ती की महिलाओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को स्तनपान के महत्व एवं इसके लाभों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों को POCSO Act 2012 के प्रावधानों के संबंध में भी जागरूक किया गया। महिलाओं को बताया गया कि बच्चों की सुरक्षा, बाल यौन शोषण की रोकथाम तथा हिंसा के विरुद्ध जागरूकता बेहद जरूरी है। साथ ही छह माह तक शिशु को केवल मां का दूध पिलाने के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम का संचालन समाधान अभियान की संस्थापक श्रीमती अर्चना अग्निहोत्री के निर्देशानुसार प्रबंधक श्रीमती दीपा रानी ने किया। इस दौरान बाल मित्र केंद्र, साहिबाबाद थाने की पूरी टीम मौजूद रही।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं पुलिसकर्मियों ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि स्तनपान, बाल संरक्षण और बच्चों की सुरक्षा से संबंधित दी गई जानकारी बेहद उपयोगी है। आयोजकों ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज में बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।