कांवड़ यात्रा को लेकर अलर्ट मोड में गाजियाबाद पुलिस, DCP ग्रामीण ने मोदीनगर में परखी सुरक्षा व्यवस्था

Date: 2026-08-08
news-banner

मोदीनगर। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए गाजियाबाद पुलिस लगातार सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं को मजबूत करने में जुटी है। इसी क्रम में 06 अगस्त 2026 को पुलिस उपायुक्त ग्रामीण कमिश्नरेट गाजियाबाद श्री सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने सहायक पुलिस आयुक्त मोदीनगर एवं पुलिस बल के साथ थाना मोदीनगर क्षेत्रांतर्गत कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीसीपी ग्रामीण ने कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

रात्रि के समय पुलिसकर्मियों की दृश्यता बढ़ाने और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने के उद्देश्य से पुलिसकर्मियों को हाई-विजिबिलिटी बेल्ट पहनाई गई। इससे दूर से आ रहे वाहन चालकों को पुलिसकर्मी आसानी से दिखाई देंगे और यातायात नियंत्रण में भी सुविधा होगी।

वहीं, भीषण गर्मी और लंबे पैदल सफर के कारण थकान से जूझ रहे शिवभक्तों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क चिकित्सीय शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर में जरूरतमंद कांवड़ियों को प्राथमिक उपचार, आवश्यक दवाइयां एवं स्वास्थ्य संबंधी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। पुलिस की इस पहल से कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षा के साथ स्वास्थ्य सुविधा भी मिल सकेगी।

Leave Your Comments