वेव सिटी थाना क्षेत्र में तीन वर्षीय बच्ची की संदिग्ध मौत के मामले ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने बच्ची की सौतेली मां को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस साक्ष्य जुटाने और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.
पुलिस के अनुसार 17 मई 2026 को थाना वेव सिटी में एक तीन वर्षीय बच्ची की मृत्यु के संबंध में डेथ मेमो प्राप्त हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्ची के पंचायतनामा की प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

इसके बाद 18 मई को अलीगढ़ निवासी अमित कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके भाई की पत्नी, जो बच्ची की सौतेली मां थी, ने बच्ची की हत्या की है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। वहीं प्रियाश्री पाल ने बताया कि पूरे मामले में सभी पहलुओं की जांच जारी है और जल्द ही अन्य तथ्य भी सामने आ सकते हैं.