गाजियाबाद। मोहर्रम पर्व के अवसर पर गाजियाबाद पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए। थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) उपासना पाण्डेय ने लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर जुलूस मार्ग, संवेदनशील स्थानों और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को सतर्क रहकर ड्यूटी निभाने तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए.

मोहर्रम के जुलूस के दौरान पुलिस प्रशासन की सक्रियता और बेहतर प्रबंधन के चलते पूरा आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होता रहा. एसीपी उपासना पाण्डेय ने स्थानीय नागरिकों, ताजियादारों और जुलूस आयोजकों से संवाद स्थापित कर आपसी समन्वय बनाए रखा, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई.

इस दौरान मुस्लिम समाज के गणमान्य व्यक्तियों एवं स्थानीय नागरिकों ने गाजियाबाद पुलिस द्वारा किए गए बेहतर प्रबंधन, संवेदनशील कार्यशैली और निरंतर पुलिस उपस्थिति की सराहना की. उन्होंने एसीपी उपासना पाण्डेय एवं पूरी पुलिस टीम का सम्मान करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया.

पुलिस प्रशासन ने कहा कि सभी धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. गाजियाबाद पुलिस भविष्य में भी जनता के सहयोग से कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी.