गाजियाबाद में तैनात यूपी पुलिस की उपनिरीक्षक अस्मिता डे ने जीता स्वर्ण, भारत की पहली महिला जूडो गोल्ड मेडलिस्ट बनीं

Date: 2026-08-01
news-banner

कॉमनवेल्थ में गूंजा गाजियाबाद का नाम, यूपी पुलिस की उपनिरीक्षक अस्मिता डे ने रचा स्वर्णिम इतिहास

गाजियाबाद/ग्लासगो, । स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में उत्तर प्रदेश पुलिस की उपनिरीक्षक एवं वर्तमान में गाजियाबाद में तैनात अस्मिता डे ने महिला 48 किलोग्राम भार वर्ग की जूडो स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। इस शानदार उपलब्धि के साथ वह कॉमनवेल्थ खेलों में जूडो स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई हैं।

उनकी इस ऐतिहासिक जीत पर उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। डीजीपी ने अपने संदेश में कहा कि अस्मिता डे की यह उपलब्धि केवल उत्तर प्रदेश पुलिस ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश और देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सफलता अनुशासन, कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रतीक है, जो एक आदर्श खिलाड़ी और समर्पित पुलिस अधिकारी की पहचान होती है।

डीजीपी ने कहा कि यह उपलब्धि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उस खेल नीति और दूरदर्शी सोच को भी साकार करती है, जिसके तहत खिलाड़ियों को खेल कोटे के माध्यम से उत्तर प्रदेश पुलिस में सेवा का अवसर दिया जा रहा है। इससे खिलाड़ियों को खेल और सार्वजनिक सेवा दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का मंच मिल रहा है।

उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार ने अस्मिता डे की इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। खेल प्रेमियों और पुलिस विभाग में इस जीत को लेकर उत्साह का माहौल है तथा लोगों का मानना है कि अस्मिता डे की सफलता युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

6a6d8e1d0b2b61785564701.jpeg

 

Leave Your Comments