मुहर्रम के अवसर पर निकलने वाले जुलूस को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए फिरोजाबाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. शिकोहाबाद क्षेत्र में मुहर्रम जुलूस से एक दिन पहले ASP अनुज चौधरी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर ताजिया और अलम की ऊंचाई की जांच की।
जानकारी के अनुसार प्रशासन को सूचना मिली थी कि कुछ स्थानों पर निर्धारित मानक से अधिक ऊंचे ताजिए तैयार किए जा रहे हैं। इस सूचना के बाद ASP अनुज चौधरी ने पुलिस टीम के साथ जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया और इंची टेप की सहायता से ताजियों की ऊंचाई मापी.
निरीक्षण के दौरान सभी ताजिए निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए। प्रशासन द्वारा तय मानक के अनुसार ताजिए की ऊंचाई 7 फीट तथा धकेल सहित कुल 10 फीट निर्धारित की गई थी। जांच में सभी ताजिए इसी सीमा के भीतर मिले.

इसके अलावा अधिकारियों ने जुलूस मार्ग, कर्बला स्थल और रास्ते में मौजूद बिजली के तारों का भी निरीक्षण किया। विशेष रूप से ढीले और नीचे लटके बिजली के तारों को चिन्हित कर संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
ASP अनुज चौधरी ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि मुहर्रम का जुलूस शांतिपूर्ण.सुरक्षित और निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न हो.

प्रशासन द्वारा किए गए इस निरीक्षण को स्थानीय लोगों ने भी सराहा है.अधिकारियों का मानना है कि समय रहते की गई तैयारियां संभावित हादसों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं.