उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में नए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. रंजन गौतम के स्वागत को लेकर एक अलग ही चर्चा शुरू हो गई है। जिले में उनके आगमन पर मातहत कर्मचारियों द्वारा भव्य और ‘शाही अंदाज’ में स्वागत किया गया, जिसमें रेड कार्पेट बिछाया गया और गुलाब की पंखुड़ियों से उनका इस्तकबाल किया गया.

जानकारी के अनुसार, जैसे ही CMO डॉ. रंजन गौतम कार्यालय पहुंचे, पूरे परिसर को सजाया गया और उन्हें फूलों की वर्षा के बीच स्वागत स्थल तक ले जाया गया। इस पूरे दृश्य को लेकर सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.
हालांकि स्वागत को लेकर कोई आधिकारिक आपत्ति नहीं जताई गई है, लेकिन कई लोग इस तरह के भव्य आयोजन को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि एक सरकारी अधिकारी का स्वागत साधारण तरीके से, जैसे फूलों के गुलदस्ते या औपचारिक स्वागत से भी किया जा सकता था.
वहीं कुछ लोगों का मानना है कि यह केवल सम्मान और शुभकामनाओं का प्रतीक है, जिसे नकारात्मक रूप में नहीं देखा जाना चाहिए.
फिलहाल यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर बहस जारी है.