उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद के अनूपशहर क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। जानकारी के अनुसार एक निर्माणाधीन मैरिज होम की बुनियाद की खुदाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान पास स्थित पड़ोसी की दीवार अचानक भरभराकर मजदूरों के ऊपर गिर गई.

दीवार गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। मलबे में दबे मजदूरों को निकालने के लिए स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत की।
हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि अन्य श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया गया। घटना का लाइव रेस्क्यू वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मलबे के नीचे दबे मजदूर को निकालने के लिए लगातार प्रयास होते दिखाई दे रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। मृतक मजदूर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं.


स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए होते तो इस प्रकार का हादसा टाला जा सकता था। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है.