उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के गुलावठी क्षेत्र में उस समय हंगामा मच गया जब एक बाइक और ई-रिक्शा के बीच हल्की टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मामूली टक्कर के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
आरोप है कि ई-रिक्शा चालक ने अपने कुछ साथियों को मौके पर बुला लिया और फिर बाइक सवार पति-पत्नी पर हमला कर दिया। इस दौरान दोनों के साथ जमकर मारपीट की गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

घटना के दौरान कुछ लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे सड़क पर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा बढ़ता चला गया.

सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव किया। बाद में पीड़ित पति-पत्नी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक शिष्टाचार पर गंभीर सवाल खड़े करती है.