अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को लेकर एक बड़ी चर्चा सामने आई है। सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्ट के प्रमुख सदस्य अनिल मिश्र ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि खबर लिखे जाने तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है.
सूत्रों के अनुसार.विश्व हिंदू परिषद (VHP) के वरिष्ठ पदाधिकारी इन दिनों अयोध्या में मौजूद हैं और संगठन स्तर पर महत्वपूर्ण बैठकों का दौर जारी है. इसी बीच ट्रस्ट में संभावित बदलावों की चर्चा ने राजनीतिक और धार्मिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है.
चंपत राय लंबे समय से श्रीराम मंदिर आंदोलन और मंदिर निर्माण से जुड़े प्रमुख चेहरों में रहे हैं.वहीं अनिल मिश्र भी ट्रस्ट के महत्वपूर्ण सदस्यों में गिने जाते हैं। ऐसे में यदि इस्तीफे की खबरों की पुष्टि होती है तो इसे ट्रस्ट के भीतर एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जाएगा.
हाल के दिनों में मंदिर निर्माण, चंदा प्रबंधन और भूमि खरीद से जुड़े कुछ मुद्दे सार्वजनिक बहस का विषय बने रहे हैं। हालांकि ट्रस्ट की ओर से लगातार यह कहा जाता रहा है कि सभी कार्य कानूनी प्रक्रियाओं और निर्धारित नियमों के तहत किए गए हैं.
फिलहाल चंपत राय.अनिल मिश्र. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट और विश्व हिंदू परिषद की ओर से किसी आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है.आधिकारिक पुष्टि के बाद ही इन दावों की सत्यता स्पष्ट हो सकेगी.