ग्रेटर नोएडा। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर उस समय बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक ट्रक से बड़ी मात्रा में पत्थर सड़क पर बिखर गए. अचानक सड़क पर फैले पत्थरों के कारण कई वाहन चालक मुश्किल में पड़ गए और कुछ वाहनों के टायर भी पंचर हो गए.

घटना की सूचना मिलते ही दादरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने किसी अन्य संसाधन का इंतजार करने के बजाय खुद फावड़ा उठाया और सड़क पर फैले पत्थरों को हटाने का कार्य शुरू कर दिया.
तेज धूप और गर्म मौसम के बावजूद पुलिसकर्मी लगातार सड़क साफ करने में जुटे रहे। उनकी तत्परता और मेहनत के कारण एक्सप्रेसवे पर यातायात सुचारु रूप से बहाल हो सका और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया.

स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने दादरी पुलिस के इस कार्य की सराहना की। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस मौके पर नहीं पहुंचती, तो सड़क पर फैले पत्थरों के कारण कोई बड़ा हादसा हो सकता था.
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है. बल्कि आम जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए हर परिस्थिति में तत्पर रहती है। दादरी पुलिस की इस मानवीय और जिम्मेदार पहल की क्षेत्रभर में प्रशंसा हो रही है.