गाजियाबाद। वेव सिटी थाना क्षेत्र के डासना कस्बे में मोहर्रम के अवसर पर पारंपरिक एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में ऐतिहासिक ताजिया जुलूस निकाला गया। हर वर्ष की तरह इस बार भी कस्बे के विभिन्न मोहल्लों और क्षेत्रों से ताजिए पूरे सम्मान और अकीदत के साथ निकाले गए। बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने जुलूस में शामिल होकर हजरत इमाम हुसैन की शहादत को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.

जुलूस के दौरान पारंपरिक अखाड़ों ने अपने हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन कर लोगों का मन मोह लिया। युवाओं ने लाठी, तलवार एवं अन्य पारंपरिक युद्ध कलाओं का अनुशासित प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे.

पूरे जुलूस के दौरान धार्मिक आस्था.अनुशासन. भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का वातावरण देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने एक-दूसरे के सहयोग से जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वेव सिटी थाना पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ लगातार जुलूस की निगरानी करते रहे, जबकि डासना चौकी पुलिस भी पूरे मार्ग पर तैनात रही। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुआ.

डासना में वर्षों से मोहर्रम पर ताजिया निकालने की परंपरा चली आ रही है.स्थानीय लोगों का मानना है कि यह आयोजन गंगा-जमुनी तहजीब. आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक है। लोगों ने प्रशासन और पुलिस की बेहतर व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग देने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया.
