गाजियाबाद में पुलिस प्रशासन द्वारा जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त नगर/ट्रांस हिंडन/मुख्यालय धवल जायसवाल ने अपने कार्यालय पर पहुंचे फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं.
इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी शिकायतें डीसीपी के समक्ष रखीं, जिनमें भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई में देरी, और अन्य प्रशासनिक समस्याएं शामिल थीं। डीसीपी धवल जायसवाल ने प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए.
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की शिकायतों का समाधान पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और पीड़ितों को समय पर न्याय उपलब्ध कराया जाए.
डीसीपी ने यह भी कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने के लिए जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें.
इस अवसर पर कार्यालय में मौजूद अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया कि वे सभी मामलों की रिपोर्टिंग पारदर्शी तरीके से करें और शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाएं.