गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने अपने कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान शिकायत लेकर पहुंचे नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीसीपी ग्रामीण ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य आम नागरिकों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना और उनकी शिकायतों का प्रभावी समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए तथा फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही, देरी अथवा उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान आए सभी मामलों में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। इस पहल से पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।