गिर्धरपुर और धौलाना क्षेत्र में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों में समाजवादी पार्टी के युवा नेता दिग्विजय शिशोदिया ने पहुंचकर बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा, सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

कार्यक्रम में कुलदीप बाना प्रधान, चौधरी देविंदर बाना, सुशील प्रधान, पिंटू प्रधान, अभिषेक तेवतिया, दिग्विजय यादव, अमरजीत लाडपुर, हरीश हूण, प्रशांत त्यागी, मुक्तार हसन और पंडित विनोद शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोगों ने बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
गिर्धरपुर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए दिग्विजय शिशोदिया ने कहा, “बाबा साहब हमें दो मूल मंत्र देते हैं—शिक्षा को जीवन का आधार बनाओ और समानता को समाज का संस्कार बनाओ।” उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे बड़ा हथियार माना और संविधान के जरिए हर नागरिक को सम्मान, अधिकार और बराबरी दिलाई।

धौलाना में भी उन्होंने बाबा साहब के संघर्षमय जीवन को युवाओं के लिए प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि आज युवाओं को पढ़ाई, सामाजिक भागीदारी और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। गांव-गांव शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना समय की जरूरत है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने बाबा साहब के विचारों को अपनाने, सामाजिक एकता बढ़ाने और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया।