हापुड़ के धौलाना–गुलावठी मार्ग पर बरातियों से भरी बस और ट्रक की भीषण टक्कर में डासना के छह लोगों की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। इस दर्दनाक हादसे पर धौलाना विधानसभा-58 के प्रत्याशी एवं समाजवादी नेता दिग्विजय शिशोदिया ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
दिग्विजय शिशोदिया ने कहा कि यह हादसा केवल छह परिवारों की व्यक्तिगत क्षति नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए अपूरणीय नुकसान है। मृतकों में अधिकांश गरीब और मेहनतकश परिवारों से थे, जो अपने परिवार का पालन-पोषण मेहनत मजदूरी और छोटे व्यवसाय से करते थे। उन्होंने कहा कि जिन घरों के कमाने वाले सदस्य इस हादसे में चले गए, उनके दर्द को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मृतकों के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की जाए और घायलों के इलाज की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की जरूरत बताई, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
शिशोदिया ने कहा, “यह बेहद दुखद और निंदनीय घटना है। मैं हर पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा हूं और हर संभव मदद के लिए तैयार हूं।” उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और क्षेत्रवासियों से अपील की कि इस कठिन समय में सभी लोग पीड़ित परिवारों का सहारा बनें।
हादसे के बाद डासना क्षेत्र में मातम पसरा है और हर आंख नम है।