हैदराबाद: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में अमेरिका के साथ बढ़ते संबंधों को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाने के लिए अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास स्थित एक सड़क का नाम 'डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू' रखा गया है। यह नामकरण अमेरिका की स्वतंत्रता के 250 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के दौरान किया गया.
इस फैसले पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भारत में उनके नाम पर सड़क का नाम रखा जाना उनके लिए बड़े सम्मान की बात है। उन्होंने यह भी कहा कि वह ऐसे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति हैं, जिन्हें भारत में इस तरह का सम्मान मिला है. ट्रंप ने सोशल मीडिया पर इस फैसले के लिए भारत का आभार भी जताया.
भारत-अमेरिका संबंधों का प्रतीक
तेलंगाना सरकार के अनुसार, यह नामकरण केवल किसी व्यक्ति के सम्मान तक सीमित नहीं है. बल्कि भारत और अमेरिका के बीच मजबूत होते रणनीतिक, तकनीकी और आर्थिक संबंधों का भी प्रतीक है. यह सड़क हैदराबाद के फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास और कई प्रमुख अमेरिकी कंपनियों के कार्यालयों के निकट स्थित है.
राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई
इस फैसले को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिली हैं। कुछ दलों ने विदेशी नेता के नाम पर सड़क का नाम रखने पर सवाल उठाए हैं. जबकि राज्य सरकार का कहना है कि यह कदम वैश्विक साझेदारी और निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रतीकात्मक पहल है.
फिलहाल 'डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू' देश और विदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है और इसे भारत-अमेरिका संबंधों के एक नए प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है.