फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन परिसर में स्थित एक मजार को लेकर विवाद गहरा गया है। रेलवे लाइन चौड़ीकरण और स्टेशन क्षेत्र के विकास कार्यों के बीच मजार को हटाने की प्रक्रिया शुरू होने की चर्चा के बाद स्थानीय स्तर पर विरोध देखने को मिला.
जानकारी के अनुसार, रेलवे स्टेशन परिसर में रेल पटरियों के बीच वर्षों से मौजूद इस मजार पर स्थानीय लोग नियमित रूप से चादर चढ़ाने और श्रद्धा व्यक्त करने पहुंचते हैं. रेलवे के विकास कार्यों के चलते जब इस स्थान को हटाने की कवायद की गई तो कुछ लोगों ने इसका विरोध किया.

मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब विरोध के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। इसके बाद रेलवे प्रशासन और स्थानीय प्रशासन को स्थिति पर नजर रखनी पड़ी. हालांकि, अधिकारियों की ओर से अब तक इस मामले में विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
इस बीच फर्रुखाबाद से भाजपा सांसद मुकेश राजपूत ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए और कानून के अनुसार निर्णय लिया जाना चाहिए.
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी पक्षों से बातचीत की जा रही है। रेलवे परियोजना, सुरक्षा मानकों और स्थानीय भावनाओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.