उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में स्थित पैसेफिक मॉल के सिनेमा हॉल में अचानक आग लगने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार आग सिनेमा हॉल के प्रोजेक्टर रूम में लगी, जिसने देखते ही देखते ऑडी को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के दौरान मॉल में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सिनेमा हॉल के भीतर अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद कर्मचारियों ने तुरंत लोगों को बाहर निकालना शुरू किया। कुछ ही देर में मौके पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया.

प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। आग लगने से प्रोजेक्टर रूम और ऑडी को भारी नुकसान पहुंचा है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है.

घटना के बाद मॉल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मौके पर जांच में जुटी हुई है.