फिरोजाबाद जिले में उस समय हंगामा मच गया जब स्थानीय महिलाओं के एक समूह ने क्षेत्र में संचालित देसी शराब और बीयर के ठेके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि शराब की दुकान के कारण क्षेत्र में सामाजिक वातावरण खराब हो रहा है और युवाओं पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है.
विरोध के दौरान महिलाओं ने लाठी-डंडों से शराब की बोतलें और पव्वे सड़क पर फोड़ दिए। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया.

महिलाओं का कहना है कि वे लंबे समय से शराब के ठेके को हटाने की मांग कर रही थीं. लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया.

दूसरी ओर आबकारी विभाग के अधिकारियों का कहना है कि संबंधित शराब दुकान सभी आवश्यक नियमों और लाइसेंस के तहत संचालित की जा रही है। विभाग का यह भी कहना है कि पंचायत चुनाव नजदीक होने के कारण कुछ लोग राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से महिलाओं को आगे कर माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हो सकते हैं. पूरे मामले की जांच कराई जाएगी.

घटना के बाद इलाके में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं. पंचायत चुनाव से पहले इस तरह के विरोध प्रदर्शन को लेकर विभिन्न दलों और स्थानीय नेताओं की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.