फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में एक ग्लास फैक्ट्री में हुए दर्दनाक औद्योगिक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया. जानकारी के अनुसार. एमआर ग्लास फैक्ट्री में कार्यरत 24 वर्षीय मजदूर रिंकू काम के दौरान ब्लोअर मशीन की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुबह करीब 11 बजे हुई. हादसे के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। मशीन में शव फंस जाने के कारण उसे तुरंत बाहर निकालना संभव नहीं हो सका. फैक्ट्री कर्मचारियों और तकनीकी टीम की कई घंटे की कोशिश के बाद दोपहर करीब 2 बजे शव को मशीन से बाहर निकाला गया.

बताया जा रहा है कि मृतक रिंकू अविवाहित था और अपने परिवार में सात बहनों का इकलौता भाई था. घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं.जांच में यह भी देखा जाएगा कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं तथा हादसा किन परिस्थितियों में हुआ.
औद्योगिक क्षेत्रों में इस तरह की घटनाएं कार्यस्थल पर सुरक्षा उपायों और श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े करती हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित सुरक्षा प्रशिक्षण.मशीनों की समय-समय पर जांच और सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य उपयोग ऐसे हादसों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.