हिण्डन डूब क्षेत्र में चला GDA का बुलडोजर, 20 हजार वर्गमीटर में फैली अवैध कॉलोनी ध्वस्त | गाजियाबाद बड़ी कार्रवाई

Date: 2026-07-31
news-banner

गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ अपना अभियान तेज करते हुए गुरुवार को सिद्धार्थ विहार स्थित हिण्डन नदी के डूब क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। उपाध्यक्ष के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-04 की टीम ने लगभग 20 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित की गई अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चलाकर प्लॉटिंग, बाउंड्रीवाल, बिल्डर कार्यालय और अन्य छोटे निर्माणों को ध्वस्त कर दिया।

कार्रवाई के दौरान कुछ कॉलोनाइजरों और निर्माणकर्ताओं ने विरोध जताने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित रखा। इसके बाद जीडीए की टीम ने निर्धारित योजना के अनुसार ध्वस्तीकरण अभियान जारी रखा।

जीडीए अधिकारियों के अनुसार हिण्डन नदी के डूब क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण गंभीर नियम उल्लंघन की श्रेणी में आता है। ऐसे निर्माण भविष्य में बाढ़, जलभराव और जनहानि जैसी समस्याओं को जन्म दे सकते हैं। इसी कारण डूब क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों और निर्माणों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

इसी अभियान के तहत बुद्ध विहार सेक्टर-12, प्रताप विहार स्थित भवन संख्या बी-140 को भी अनधिकृत कब्जे से मुक्त कराया गया। अभियान में सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन स्टाफ और स्थानीय पुलिस बल की संयुक्त टीम मौजूद रही।

जीडीए ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्लॉट या संपत्ति की खरीद से पहले उसकी वैधता और स्वीकृति की पूरी जांच अवश्य करें। प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में अवैध कॉलोनियों, अनधिकृत निर्माण और सरकारी भूमि पर कब्जों के खिलाफ ध्वस्तीकरण एवं सीलिंग की कार्रवाई और अधिक तेज़ी से जारी रहेगी।

Leave Your Comments