गाजियाबाद। थाना वेव सिटी क्षेत्र में एक 40 वर्षीय ऑटो चालक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अली मोहम्मद पुत्र मोहम्मद बख्श के रूप में हुई है। वह मूल रूप से फर्रुखाबाद/कन्नौज का निवासी था और वर्तमान में ग्राम बम्हेटा स्थित महेंद्र के मकान में किराए पर रहकर परिवार के साथ जीवनयापन कर रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अली मोहम्मद का पिछले दो दिनों से अपनी पत्नी के साथ घरेलू विवाद चल रहा था। परिजनों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच लगातार अनबन बनी हुई थी। इसी बीच रविवार तड़के थाना वेव सिटी क्षेत्र में दासना स्थित आईएमएस के पास कब्रिस्तान में एक पेड़ से उसका शव लटका हुआ मिला। घटनास्थल के पास ही उसका ऑटो भी खड़ा मिला, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही थाना वेव सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में पारिवारिक कलह आत्महत्या का संभावित कारण सामने आया है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।