गाजियाबाद। थाना टीला मोड़ क्षेत्र के भोपुरा गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर में मंगलवार को तीन गांवों के किसानों की महापंचायत आयोजित की गई. पंचायत में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और अधिग्रहित (एक्वायर) की गई जमीन के बढ़े हुए एवं न्यायसंगत मुआवजे की मांग प्रमुखता से उठाई.

किसानों का कहना है कि उनकी भूमि का अधिग्रहण किए जाने के बाद वर्तमान बाजार मूल्य और क्षेत्र में हुए विकास कार्यों के अनुरूप उन्हें उचित मुआवजा नहीं मिला। इसी मुद्दे को लेकर तीन गांवों के किसान एक मंच पर आए और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की.
महापंचायत में किसानों ने सरकार और संबंधित विभागों से भूमि अधिग्रहण मुआवजे की दरों पर पुनर्विचार करने तथा किसानों को वर्तमान बाजार मूल्य के अनुरूप मुआवजा देने की मांग की. किसानों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा.

महापंचायत के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा.कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने पूरे कार्यक्रम पर नजर बनाए रखी और पंचायत शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई.
पंचायत में मौजूद किसानों ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेंगे और संबंधित अधिकारियों से शीघ्र समाधान की अपेक्षा करते हैं.