गाजियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान पुलिस उपायुक्त (नगर/ट्रांस हिंडन) धवल जायसवाल ने अपने कार्यालय में पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना। जनसुनवाई में विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने भूमि विवाद. पारिवारिक मामलों, साइबर अपराध, मारपीट, धोखाधड़ी तथा अन्य स्थानीय समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए.
डीसीपी धवल जायसवाल ने शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा प्रत्येक मामले में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही बनाए रखी जाए.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो तथा पीड़ितों को नियमानुसार न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर समय पर उनका समाधान किया जाए.
डीसीपी ने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रम पुलिस और आम जनता के बीच संवाद का एक प्रभावी माध्यम है। इससे नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिलता है और शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनती है.
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने भी शिकायतकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि प्रत्येक मामले में निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा जनसुनवाई के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा.