गाजियाबाद। भारतीय किसान संगठन के गाजियाबाद जिला अध्यक्ष लोकेश नागर ने आरोप लगाया है कि दिल्ली में प्रस्तावित किसान आंदोलन में शामिल होने से पहले सोमवार तड़के उन्हें उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर दिया गया। किसान नेता का कहना है कि पुलिस ने उन्हें घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी, जिससे क्षेत्र में हलचल का माहौल बन गया।
लोकेश नागर के अनुसार, सोमवार रात करीब 12 बजे वेव सिटी थाना पुलिस उनके आवास पर पहुंची और गेट खुलवाकर उन्हें बाहर जाने से रोक दिया। उन्होंने बताया कि वह अपने समर्थकों के साथ दिल्ली स्थित किसान घाट पर आयोजित "देश बचाओ आंदोलन" में शामिल होने की तैयारी कर रहे थे।
किसान नेता ने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है और आंदोलन में शामिल होने से पहले ही किसान नेताओं को उनके घरों में नजरबंद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना हर नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है और इस प्रकार की कार्रवाई उचित नहीं है।
लोकेश नागर ने यह भी दावा किया कि उनके आवास के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने इसे किसानों के अधिकारों का हनन बताते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए और किसानों से एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने "जय जवान, जय किसान" का नारा भी दिया।