गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अचार निर्माण इकाइयों का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान अधिकारियों को भारी मात्रा में खराब और अस्वच्छ तरीके से तैयार किया जा रहा अचार मिला, जिसके बाद करीब 3400 किलोग्राम अचार को नष्ट कराया गया.

जानकारी के अनुसार, विभाग को शिकायत मिली थी कि कुछ स्थानों पर खाद्य पदार्थों का निर्माण निर्धारित मानकों के विपरीत किया जा रहा है. शिकायत के आधार पर जब टीम ने छापा मारा तो एक अचार फैक्ट्री पशुओं के तबेले में संचालित होती मिली। मौके पर गंदगी का अंबार था और खाद्य सुरक्षा नियमों का खुला उल्लंघन पाया गया.
निरीक्षण के दौरान अचार बनाने के लिए रखे गए नींबू सड़े हुए मिले। इसके अलावा लगभग 20 ड्रमों में रखा आम और नींबू भी खराब अवस्था में था, जिससे तेज बदबू आ रही थी. अधिकारियों ने इसे मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बताते हुए तत्काल कार्रवाई की.
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं. साथ ही खराब गुणवत्ता वाले करीब 3400 किलो अचार को नष्ट कराया गया। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस कार्रवाई के बाद जिले में खाद्य पदार्थ बनाने वाली अन्य इकाइयों में भी हड़कंप मच गया है. विभाग ने साफ किया है कि मिलावटखोरी और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य उत्पादन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.