गाजियाबाद में हाउस टैक्स वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन, मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन

Date: 2026-03-30
news-banner

गाज़ियाबाद। (अहमसत्ता) गाजियाबाद में हाउस टैक्स में की गई भारी वृद्धि को लेकर विरोध तेज हो गया है। सेल्फ फाइनेंस प्रोग्रेसिव स्कूल प्रबंधक एसोसिएशन, गाजियाबाद ने सोमवार को इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा.


एसोसिएशन के महानगर अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार बिल्लू के नेतृत्व में दिए गए इस ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि गाजियाबाद नगर निगम द्वारा हाउस टैक्स में लगभग 300 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है, जो पूरी तरह अव्यावहारिक और जनविरोधी है। इस वृद्धि से आम नागरिकों, व्यापारियों और मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है.


ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि नगर निगम बोर्ड की बैठक में इस कर वृद्धि को पहले ही निरस्त किया जा चुका है, साथ ही महापौर द्वारा भी इसे लागू न करने का आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद निगम के अधिकारी बढ़ी हुई दरों पर ही हाउस टैक्स के बिल जारी कर रहे हैं और वसूली कर रहे हैं.


एसोसिएशन ने मांग की है कि बढ़े हुए हाउस टैक्स को तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए और पुराने दरों पर संशोधित बिल जारी किए जाएं। साथ ही, इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.


इस मुद्दे को लेकर शहर में असंतोष बढ़ता जा रहा है और आने वाले दिनों में आंदोलन की संभावना भी जताई जा रही है।.

 

Leave Your Comments