गाजियाबाद में क्षत्रिय समाज की गोलमेज बैठक: एकता, शिक्षा और सांस्कृतिक विरासत बचाने का संकल्प

Date: 2026-04-14
news-banner

गाजियाबाद के वेवसिटी ग्लोरिया स्थित पंचतारा राणा फार्म में आयोजित क्षत्रिय समाज की तृतीय गोलमेज बैठक में सामाजिक एकता, शिक्षा और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण को लेकर व्यापक चर्चा हुई। बैठक में समाज के प्रबुद्धजनों ने महानगरीय जीवनशैली के कारण बढ़ते सामाजिक विघटन और गांवों से कमजोर होते रिश्तों पर चिंता जताई तथा समाज को अपनी जड़ों से पुनः जोड़ने का संकल्प लिया।


संयोजक शिवकुमार राघव के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक में वक्ताओं ने कहा कि आधुनिकता की अंधी दौड़ में समाज अपने पारंपरिक मूल्यों से दूर होता जा रहा है, जिससे सामाजिक समरसता प्रभावित हो रही है। वरिष्ठ समाजसेवी ओमकार सिंह तोमर ने कहा कि व्यक्तिगत विकास की होड़ ने सामाजिक ताने-बाने को कमजोर किया है, जबकि राजकुमार सिसोदिया ने गांवों से बढ़ती दूरी को समाज के लिए गंभीर चुनौती बताया।


बैठक में युवाओं के सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया गया। करियर मार्गदर्शन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और कौशल विकास केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए छात्रवृत्ति और सहायता कोष बनाने पर भी सहमति बनी।


प्रबुद्धजनों ने युवाओं को स्वरोजगार और स्टार्टअप की दिशा में प्रेरित करने के लिए मेंटोरशिप कार्यक्रम शुरू करने की बात कही। सामाजिक चिंतक देवेन्द्र सिसौदिया ने कहा कि क्षत्रियता का वास्तविक अर्थ पीड़ितों की सहायता और अन्याय के खिलाफ खड़े होना है।


बैठक में यूएस राणा, सुनील चौहान, पूनम सिंह, सुधा सिंह, रमेश सिंह, आशा राघव, सतपाल सिंह, वरुण पुंडीर, मनोज भाटी और सतेन्द्र सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave Your Comments