गाजियाबाद नगर निगम के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक लगातार शहर में चल रहे विकास और निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने मोहन नगर जोन अंतर्गत चल रहे सड़क निर्माण, फुटपाथ निर्माण और मरम्मत कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

नगर आयुक्त के औचक निरीक्षण से निगम अधिकारियों की कार्यशैली में तेजी देखने को मिली। अवर अभियंता से लेकर विभागीय अधिकारी तक मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों की मॉनीटरिंग करते नजर आए। निरीक्षण के बाद विभागों में अलर्ट मोड की स्थिति बन गई है और विकास कार्यों की निगरानी भी तेज कर दी गई है.

निरीक्षण के दौरान हिंडन एयर फोर्स से मोहन नगर चौराहा, हिंडन एयर फोर्स से भोपुरा तथा हिंडन एयर फोर्स से एलिवेटेड रोड तक सड़क और फुटपाथ निर्माण कार्यों का जायजा लिया गया। नगर आयुक्त ने मुख्य मार्ग के साथ फुटपाथ, ग्रिल साइड पटरी और डिवाइडर की स्थिति का भी निरीक्षण किया।
नगर आयुक्त ने नागद्वार से एलिवेटेड मार्ग तक किए गए कार्यों पर संतोष जताया, जबकि सीएम ग्रिड परियोजना के अंतर्गत मोहन नगर चौराहे से हिंडन एयर फोर्स तक चल रहे निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान नरेंद्र कुमार चौधरी, अधिशासी अभियंता विपुल, अवर अभियंता विनोद और निर्माण विभाग की टीम मौजूद रही। नगर आयुक्त ने टूटी हुई ग्रिल, फुटपाथ, साइड पटरी और चौराहों के मरम्मत कार्यों को तत्काल प्रभाव से पूरा कराने के निर्देश दिए।
गाजियाबाद नगर निगम के अनुसार शहर हित में निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.