गाजियाबाद में बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाकर युवक की हत्या, परिजनों ने NH-9 जाम कर की सख्त कार्रवाई की मांग
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 22 वर्षीय मोहित शर्मा की हत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. परिजनों का आरोप है कि मोहित को जन्मदिन की पार्टी के बहाने बुलाया गया. जहां पहले से रची गई साजिश के तहत उस पर चाकुओं से हमला किया गया. जिससे उसकी मौत हो गई.

परिजनों का कहना है कि यह वारदात पुरानी रंजिश का नतीजा है और आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से हत्या को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया.
हत्या के विरोध में परिजनों और स्थानीय लोगों ने NH-9 और आसपास की सड़क पर जाम लगा दिया. प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। मौके पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है.
इस घटना ने गाजियाबाद में कानून-व्यवस्था और युवाओं के बीच बढ़ती हिंसक घटनाओं को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी.