गाजियाबाद नगर निगम के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक लगातार शहर में चल रहे विकास कार्यों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में नगर आयुक्त ने मोहन नगर जोन अंतर्गत चल रहे सड़क निर्माण, फुटपाथ निर्माण और मरम्मत कार्यों का जायजा लिया।
नगर आयुक्त के औचक निरीक्षण से निगम अधिकारियों और निर्माण विभाग में हलचल तेज हो गई है। अवर अभियंता से लेकर विभागीय अधिकारी तक मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों की मॉनीटरिंग करते नजर आए। अधिकारियों को निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए.
निरीक्षण के दौरान हिंडन एयर फोर्स से मोहन नगर चौराहा, हिंडन एयर फोर्स से भोपुरा तथा हिंडन एयर फोर्स से एलिवेटेड रोड तक मुख्य मार्ग, फुटपाथ और ग्रिल साइड पटरी का निरीक्षण किया गया। नगर आयुक्त ने नागद्वार से एलिवेटेड मार्ग तक के कार्यों पर संतुष्टि जाहिर की, जबकि सीएम ग्रिड परियोजना के अंतर्गत मोहन नगर चौराहे से हिंडन एयर फोर्स तक चल रहे निर्माण कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी व्यक्त की.
नरेंद्र कुमार चौधरी सहित निर्माण विभाग के अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने विशेष रूप से टूटी हुई ग्रिल, फुटपाथ और साइड पटरी की तत्काल मरम्मत कराने के आदेश दिए.
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता विपुल, अवर अभियंता विनोद तथा निर्माण विभाग की टीम भी मौजूद रही। नगर आयुक्त ने साफ निर्देश दिए कि शहर के चौराहों, डिवाइडर, फुटपाथ और ग्रिल की मरम्मत में किसी प्रकार की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गाजियाबाद नगर निगम के अनुसार शहर हित में प्रतिदिन निरीक्षण अभियान जारी रहेगा और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित की जाएगी.