गाजियाबाद नगर निगम के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक लगातार शहर में चल रहे विकास और मरम्मत कार्यों का औचक निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने मोहन नगर जोन के अंतर्गत चल रहे सड़क निर्माण, फुटपाथ निर्माण और अन्य मरम्मत कार्यों का जायजा लिया.

नगर आयुक्त के अचानक निरीक्षण से निगम अधिकारियों की कार्यशैली में तेजी देखने को मिली। अवर अभियंता से लेकर विभागीय अधिकारी तक मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों की निगरानी करते दिखाई दिए। निरीक्षण के चलते विभागों में हलचल तेज हो गई और मॉनीटरिंग व्यवस्था भी अधिक सक्रिय नजर आई.

निरीक्षण के दौरान हिंडन एयर फोर्स से मोहन नगर चौराहा, हिंडन एयर फोर्स से भोपुरा तथा हिंडन एयर फोर्स से एलिवेटेड रोड तक सड़क, फुटपाथ और ग्रिल साइड पटरी की स्थिति का निरीक्षण किया गया। नगर आयुक्त ने नागद्वार से एलिवेटेड मार्ग तक के कार्यों पर संतोष जताया, लेकिन सीएम ग्रिड परियोजना के अंतर्गत मोहन नगर चौराहे से हिंडन एयर फोर्स तक चल रहे कार्यों की धीमी रफ्तार पर नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण और मरम्मत कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। विशेष रूप से टूटी हुई ग्रिल, डिवाइडर, फुटपाथ और साइड पटरी की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए.
निरीक्षण के दौरान नरेंद्र कुमार चौधरी, अधिशासी अभियंता विपुल, अवर अभियंता विनोद तथा निर्माण विभाग की टीम मौजूद रही।
गाजियाबाद नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार शहर में विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और जनता को बेहतर सुविधाएं देने के उद्देश्य से निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा.
