गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और नंदग्राम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.42 करोड़ रुपये मूल्य के प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किए हैं. इस कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है.जबकि उसका एक साथी अभी फरार है. जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.
MDMA, गांजा और चरस समेत कई नशीले पदार्थ बरामद
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से MDMA (सिंथेटिक ड्रग).ओजी.गांजा. मैंगो गांजा. चरस समेत अन्य मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं. इसके अलावा एक कार. दो आधार कार्ड. 10 बैंक कार्ड.चार इलेक्ट्रॉनिक कांटे. छह मोबाइल फोन और 5 लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं.
राजनगर एक्सटेंशन और इंदिरापुरम से संचालित हो रहा था नेटवर्क
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के अनुसार एएनटीएफ की मेरठ ऑपरेशनल यूनिट को सूचना मिली थी कि मूल रूप से इटावा जिले के गांव लगना मनी का रहने वाला नितिन यादव. जो वर्तमान में राजनगर एक्सटेंशन की पाम रिसोर्ट सोसायटी में रहता है.वह इंदिरापुरम स्थित अपने दूसरे फ्लैट से बड़े स्तर पर सिंथेटिक ड्रग्स और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा है.
सूचना के बाद ANTF और नंदग्राम पुलिस ने संयुक्त रूप से रेकी की और ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
फरार साथी की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है. फरार आरोपी की तलाश के लिए कई स्थानों पर दबिश दी जा रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह मादक पदार्थ किन राज्यों से लाए जा रहे थे और किन-किन जिलों में उनकी सप्लाई की जा रही थी.
पुलिस का कहना है कि ड्रग्स तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी.