गाजियाबाद: RDC के तनिष्क शोरूम में चोरी, सेल्सकर्मी पर साजिश का आरोप; जांच के लिए 5 टीमें गठित

Date: 2026-06-13
news-banner

गाजियाबाद के थाना कविनगर क्षेत्र अंतर्गत RDC स्थित तनिष्क शोरूम में चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 12 जून 2026 को सुबह करीब 10 बजे दूरभाष के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि शोरूम में चोरी की घटना हुई है.

सूचना मिलते ही थाना कविनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। प्रारंभिक जांच और CCTV फुटेज की समीक्षा के दौरान चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पुलिस के अनुसार शोरूम के सेल्सकर्मी नितिन वर्मा पुत्र संजय वर्मा पर एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर चोरी की साजिश रचने का आरोप है.

जांच में सामने आया कि शोरूम का ताला चाबी से खोला गया था। CCTV फुटेज में नितिन वर्मा को दुकान खोलते हुए देखा गया है। पुलिस के मुताबिक उक्त चाबी गौतम राज के पास रहती थी। मामले में गौतम राज को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के सभी पहलुओं का पता लगाया जा सके.

पुलिस ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कविनगर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए चोरी की घटना के सफल अनावरण के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया गया है.

इन टीमों को CCTV फुटेज. तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों की गतिविधियों की जांच का जिम्मा सौंपा गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

सहायक पुलिस आयुक्त कविनगर श्री सूर्यबली मौर्य ने बताया कि पुलिस सभी तथ्यों की गहनता से जांच कर रही है और घटना में शामिल प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है.

Leave Your Comments