गाजियाबाद। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस का मानवीय और संवेदनशील चेहरा देखने को मिला। ट्रैफिक पुलिस की टीम ने NH-09 दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-62 के सामने सवारी का इंतजार कर रहे यात्रियों को ठंडे पानी की बोतलें वितरित कर राहत पहुंचाई.

गर्मी से बेहाल लोगों के लिए की गई इस पहल को यात्रियों ने सराहा। ट्रैफिक पुलिस ने न केवल लोगों को ठंडा पानी उपलब्ध कराया, बल्कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया.
पुलिस अधिकारियों ने यात्रियों और राहगीरों को समझाया कि सड़क किनारे या एक्सप्रेसवे के पास खड़े होने के दौरान विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। लोगों से फुटपाथ या सुरक्षित स्थान पर खड़े होकर वाहन का इंतजार करने की अपील की गई ताकि सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
इस दौरान ट्रैफिक पुलिस टीम ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने. ओवरस्पीडिंग से बचने और यातायात नियमों का पालन करने के महत्व पर भी जोर दिया। अधिकारियों ने कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है.

गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस की इस सामाजिक पहल ने यह संदेश दिया कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है. बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी पूरी संवेदनशीलता के साथ निर्वहन कर रही है.
स्थानीय लोगों और यात्रियों ने ट्रैफिक पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के बीच इस प्रकार की पहल लोगों को राहत देने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी मददगार साबित होगी.