विश्व हेपेटाइटिस दिवस 2026: गाजियाबाद में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी पहल, मोबाइल मेडिकल वैन से होगी हाई-रिस्क क्षेत्रों में जांच

Date: 2026-08-01
news-banner

 गाजियाबाद, 29 जुलाई। विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय, गाजियाबाद में आयोजित सेमिनार में जनपद में हेपेटाइटिस नियंत्रण अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि अब हाई-रिस्क क्षेत्रों में मोबाइल मेडिकल वैन के माध्यम से विशेष जांच शिविर लगाए जाएंगे, जिससे लोगों को उनके घर के निकट ही जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि हेपेटाइटिस एक गंभीर लेकिन समय पर पहचान होने पर नियंत्रित की जा सकने वाली बीमारी है। इसलिए ऐसे लोगों की पहचान करना प्राथमिकता होगी, जिनमें संक्रमण का खतरा अधिक है। मोबाइल मेडिकल वैन के जरिए गर्भवती महिलाओं, हेपेटाइटिस संक्रमित मरीजों के परिवार के सदस्यों, इंजेक्शन के माध्यम से नशा करने वाले व्यक्तियों तथा अन्य जरूरतमंद लोगों की स्क्रीनिंग और वायरल लोड जांच की जाएगी।

हेपेटाइटिस कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. आर.के. गुप्ता ने कहा कि बीमारी के प्रति जागरूकता, समय पर जांच और उचित उपचार से संक्रमण के प्रसार को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति में हेपेटाइटिस से संबंधित लक्षण दिखाई दें या वह जोखिम वाले समूह में आता हो, तो बिना देरी जांच अवश्य कराए।

कार्यक्रम में जिला एमएमजी चिकित्सालय के फिजीशियन डॉ. आलोक रंजन, नेचुरल्स केयर इंडिया एनजीओ के डायरेक्टर डॉ. प्रबोध खरे, एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. शिवी अग्रवाल, माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. सुरुचि सैनी, डॉ. सुरभि दीक्षित, पैथोलॉजिस्ट डॉ. विशाखा सैनी, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। सभी विशेषज्ञों ने जनसामान्य से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और हेपेटाइटिस के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि मोबाइल मेडिकल वैन के माध्यम से चलाया जाने वाला यह अभियान उन लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में मददगार साबित होगा, जो किसी कारणवश अस्पताल नहीं पहुंच पाते। विभाग ने कहा कि आने वाले समय में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को जांच और उपचार का लाभ मिल सके।

Leave Your Comments