गोरखपुर सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में बीच सड़क पर एक महिला के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना को लेकर पुलिस की भूमिका पर भी सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं.
पुलिस के अनुसार, यह घटना 09 जुलाई 2026 को थाना शाहपुर क्षेत्र में दोपहिया और चारपहिया वाहन के बीच हुई सड़क दुर्घटना के बाद हुई। दुर्घटना के उपरांत दोपहिया वाहन चालक और उसके साथियों का चारपहिया वाहन चला रही महिला से विवाद हो गया, जो बाद में मारपीट तक पहुंच गया.

पुलिस ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना शाहपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में एक आरोपी को पुलिस हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को रवाना किया गया है.
इस पूरे प्रकरण में की गई पुलिस कार्रवाई की जानकारी एसपी सिटी गोरखपुर ने वीडियो बयान जारी कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है और सभी नामजद आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस ने जल्द ही शेष आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है.