ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र में स्थित एक कॉम्प्लेक्स के पीछे बने ऑफिस में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई.आग बिल्डिंग की नौवीं मंजिल पर लगी थी, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर सर्विस तत्काल हरकत में आई और मौके पर दमकल की पांच यूनिट रवाना की गईं..
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग तेजी से फैलने की आशंका को देखते हुए फायर कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और बिल्डिंग को सुरक्षित करते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया.
फायर सर्विस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। समय रहते दमकल विभाग की कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया.
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) गौतमबुद्धनगर ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर सर्विस की पांच यूनिट को मौके पर भेजा गया था। टीम ने पेशेवर तरीके से आग बुझाने का कार्य किया और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया.
घटना के बाद बिल्डिंग की सुरक्षा व्यवस्था और विद्युत सिस्टम की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि कार्यालयों और व्यावसायिक भवनों में विद्युत उपकरणों की नियमित जांच कराते रहें ताकि शॉर्ट सर्किट जैसी घटनाओं से बचा जा सके.
फिलहाल आग लगने से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं.