असम से एक बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय वायु सेना (IAF) का AN-32 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट जोरहाट एयर फ़ोर्स स्टेशन पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। भारतीय वायु सेना ने इस घटना की आधिकारिक पुष्टि कर दी है.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा एयर फ़ोर्स स्टेशन परिसर या उसके आसपास हुआ। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विमान में कितने लोग सवार थे और दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि हुई है या नहीं.
वायु सेना और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। साथ ही हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच भी प्रारंभ कर दी गई है.

AN-32 भारतीय वायु सेना का एक महत्वपूर्ण ट्रांसपोर्ट विमान है, जिसका उपयोग सैनिकों, सैन्य उपकरणों और आवश्यक सामग्री के परिवहन के लिए किया जाता है। यह विमान विशेष रूप से दुर्गम और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में संचालन के लिए जाना जाता है.

रक्षा सूत्रों के अनुसार, हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी (Court of Inquiry) के आदेश दिए जा सकते हैं। भारतीय वायु सेना जल्द ही घटना से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा कर सकती है.
देशभर की निगाहें अब वायु सेना की आधिकारिक रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे हादसे की वास्तविक परिस्थितियों और संभावित नुकसान की जानकारी सामने आएगी.