गाजियाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गाजियाबाद यातायात पुलिस ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को मेरठ तिराहा पर आयोजित एक कार्यक्रम में ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों को आवश्यक सुरक्षा एवं सुविधा संबंधी सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त (यातायात), अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) तथा सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात प्रथम) की उपस्थिति में जनसहयोग से पुलिसकर्मियों को रेनकोट, छाते, पेयजल कैम्पर तथा बैटन लाइट उपलब्ध कराई गईं।
अधिकारियों ने बताया कि मानसून के दौरान लगातार बारिश की संभावना को देखते हुए पुलिसकर्मियों को रेनकोट और छाते दिए गए हैं, जबकि रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान यातायात संचालन को अधिक सुरक्षित और प्रभावी बनाने के लिए बैटन लाइट उपलब्ध कराई गई हैं।
इस अवसर पर अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि वे कांवड़ यात्रा के दौरान पूरी सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
यातायात विभाग के अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के गाजियाबाद से गुजरने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और आपातकालीन व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।